फतेहाबाद में साइबर अपराधों पर पुलिस की सख्ती समीक्षा बैठक में कार्ययोजना को दी गई अंतिम रूपरेखा
फतेहाबाद, 19 जनवरी:- जिले में लगातार सामने आ रहे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के नेतृत्व में पुलिस लाइन स्थित एनजीओ मैस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना एवं यूनिट प्रभारी, साइबर सेल टीम तथा तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान साइबर अपराधों के बदलते तरीकों, दर्ज मामलों की वर्तमान स्थिति तथा उनके त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि साइबर अपराध से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर तेजी, संवेदनशीलता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को समय रहते राहत प्रदान की जा सके।
*एसपी सिद्धांत जैन* ने कहा कि साइबर अपराध अब पारंपरिक अपराधों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो चुके हैं, क्योंकि अपराधी लगातार नई तकनीकों का दुरुपयोग कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस को भी आधुनिक तकनीकों, डिजिटल फॉरेंसिक, डेटा विश्लेषण और नवीन साइबर टूल्स के माध्यम से अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर मामलों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिलेभर में साइबर जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी व व्यापक बनाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक फ्रॉड तथा डिजिटल लेनदेन से जुड़े जोखिमों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि आमजन स्वयं सतर्क रह सकें।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि थानों में प्राप्त साइबर शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए साइबर सेल के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही बैंकिंग संस्थानों, टेलीकॉम कंपनियों और संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर मामलों के शीघ्र समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार, प्रवाचक सहायक उपनिरीक्षक संदीप कुमार, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक नत्थू राम सहित जिले के साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी व अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने में जन-जागरूकता और पुलिस की सतर्कता सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अपराधियों तक पहुंचने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
