बजाकर नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल ने खोली जनस्वास्थ्य विभाग की पोल

हांसी:– हांसी नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल ने गुरुवार को ढोल बजाकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सड़क को बिना पूर्व अनुमति तोड़ दिया गया और अब संबंधित विभाग एनओसी के नाम पर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है।
अनिल बंसल ने बताया कि दिल्ली गेट से राम मंदिर होते हुए जींद चौक तक बनी सड़क को पंचायती रामलीला ग्राउंड के सामने खोद दिया गया। उनका कहना है कि इस कार्य के लिए नगर परिषद से कोई अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क तोड़ने के बाद अब जनस्वास्थ्य विभाग उस बीएंडआर विभाग से एनओसी मांग रहा है, जिसका इस सड़क से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी सड़क को तोड़ने या पाइपलाइन बिछाने से पहले संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य है, लेकिन इस मामले में नियमों की अनदेखी की गई। साथ ही, इस संबंध में की गई शिकायत को भी बिना उचित जांच के बंद कर दिया गया।
वाइस चेयरमैन ने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से सड़क टूटी हुई है, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। काठ मंडी के मुख्य मार्ग पर गड्ढों और मलबे के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जबकि आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। नगर परिषद, स्थानीय पार्षदों और व्यापारियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, मामले की निष्पक्ष जांच तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान के लिए जवाबदेही तय करने और दोषी अधिकारियों का तबादला करने की भी मांग उठाई गई है।