टाहलीवाल संतोखगढ़ मार्ग पर मिट्टी का ढेर बना हादसों का कारण राहगीरों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
हरोली/ऊना, 27 जून (राजवीर चोपड़ा):- टाहलीवाल संतोखगढ़ मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत टाहलीवाल के आगमन गेट के समीप सड़क किनारे लगाए गए मिट्टी के ढेर से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से यह मिट्टी का ढेर सड़क पर पड़ा है, जिससे लगभग 4 फुट तक सड़क का हिस्सा अवरुद्ध हो गया है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
बीती रात टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र से काम खत्म कर अपने घर लौट रहे कुछ कामगार अंधेरा होने के कारण इस मिट्टी के ढेर से टकरा गए। हादसे में उन्हें चोटें आईं तथा उनके दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मिट्टी किसने डलवाई है, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। यदि किसी निर्माण कार्य के लिए मिट्टी लाई गई थी तो उसका समय रहते उपयोग किया जाना चाहिए था। व्यस्त मार्ग पर इस प्रकार मिट्टी छोड़ देना दुर्घटनाओं को न्योता देने के समान है।
राहगीरों मोहित, रमन, काका और पम्मा ने बताया कि वे भी पिछली रात इस मिट्टी के ढेर के कारण दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे। उनका कहना है कि टाहलीवाल–संतोखगढ़ मार्ग औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण 24 घंटे व्यस्त रहता है और यहां से बड़ी संख्या में कर्मचारी, स्कूली बच्चे तथा अन्य वाहन गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत टाहलीवाल और जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर को तत्काल हटाया जाए तथा यदि यह किसी विभाग या ठेकेदार द्वारा डाला गया है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
नगर पंचायत टाहलीवाल की प्रधान निरंजना कुमारी का कहना है कि यह मामला हमारे ध्यान में आ गया है जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
