पालतू कुत्ते की सतर्कता से टला बड़ा हादसा रात 12 बजे घर के बाथरूम से कोबरा का रेस्क्यू

रतिया, 24 जून:- एम्प्लॉइज कॉलोनी स्थित बंद पड़े जियो रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने वाली गली में एक पालतू कुत्ते की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घर में मौजूद पालतू कुत्ता अचानक लगातार भौंकने लगा और बार-बार बाथरूम की ओर जाने लगा। कुत्ते के इस व्यवहार से परिवार को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ।
जब परिवार के सदस्यों ने बाथरूम में जाकर देखा तो वहां एक विशाल कोबरा फन फैलाकर बैठा हुआ था। सांप को देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता एवं सर्प रेस्क्यू विशेषज्ञ नवजोत सिंह ढिल्लों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नवजोत सिंह ढिल्लों मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
नवजोत सिंह ढिल्लों ने बताया कि बरसात का मौसम शुरू होते ही सांप भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों में पहुंचने लगते हैं। उन्होंने कहा कि कोबरा अत्यंत विषैला सांप होता है, इसलिए ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत अस्पताल में उपचार करवाएं। समय पर चिकित्सा मिलने से सर्पदंश पीड़ित का जीवन बचाया जा सकता है।