पेक में विजीलैंस अवेयरनेस वीक 2025 की हुई शुरुआत

चंडीगढ़, 27 अक्तूबर 2025: पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ में विजीलैंस अवेयरनेस वीक 2025 की शुरुआत आज इंटेग्रिटी शपथ के साथ हुई। इस अवसर पर निर्देशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया ने शपथ का नेतृत्व किया। उनके साथ रजिस्ट्रार प्रो. शोभना धीमान, सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी शपथ ली।
इस वर्ष विजीलैंस अवेयरनेस वीक 27 अक्तूबर से 2 नवम्बर 2025 तक मनाया जा रहा है, जिसका विषय है “विजीलैंस – हमारी साझा जिम्मेदारी।” इस अवसर ने पेक के उस संकल्प को दोहराया, जिसमें पारदर्शिता, ईमानदारी और उत्तरदायित्व को संस्था के मूल मूल्यों के रूप में अपनाने की बात कही गई है।
निर्देशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया ने सभी को अपने दैनिक जीवन में इन मूल्यों को आत्मसात करने का आग्रह किया। उन्होंने कार्यस्थल पर जिम्मेदार, सकारात्मक और शांत आचरण अपनाने तथा नैतिक निर्णय लेने की संस्कृति विकसित करने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल विजीलैंस कमीशन (सीवीसी) के इतिहास, उद्देश्य और कार्यक्षेत्र पर एक प्रस्तुति भी प्रदर्शित की गई, जिससे प्रतिभागियों को आयोग की भूमिका और दृष्टि के बारे में अवगत कराया गया।
ईमानदारी और पारदर्शिता की भावना को और प्रबल करने के लिए परिसर में एक हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया, जिसमें सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण के समर्थन में अपने हस्ताक्षर कर संकल्प व्यक्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रो. बलविंदर सिंह के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिन्होंने इस राष्ट्रीय पहल में सभी कर्मचारियों के उत्साहपूर्ण सहयोग और सहभागिता की सराहना की।