पेक की ग्लोबल एनुअल एलुमनाई मीट 2025: 8 फरवरी, 2025 को होगी आयोजित
चंडीगढ़ : 6 फरवरी, 2025 : पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़, अपने बहुप्रतीक्षित ग्लोबल एनुअल अलमनी मीट 2025 का आयोजन 8 फरवरी 2025 को सुबह 9:00 बजे से पेक ऑडिटोरियम में करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
पिकोसा (पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन) इस भव्य पुनर्मिलन को लेकर बहुत उत्साहित है। इस मीट में 1955 से लेकर 2022 तक के लगभग 800 पूर्व छात्र शामिल होंगे, जो कि भारत, नेपाल, अमेरिका, ब्रिटेन, खाड़ी देशों, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया से आएंगे।
यह आयोजन पिकोसा की कार्यकारी समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता इंजीनियर मनीष गुप्ता (पिकोसा, अध्यक्ष और पूर्व चेयरमैन, सी आई आई, चंडीगढ़) और इंजीनियर एच.एस. ओबेरॉय (महासचिव, पिकोसा) के मार्गदर्शन में की जा रही है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए देश भर के पूर्व छात्रों ने अपना योगदान दिया है।
इस आयोजन की मुख्य विशेषता होंगे इंजीनियर गुरशरण सिंह (1981 बैच, सीनियर वीपी, माइक्रॉन टेक्नोलॉजी, यूएसए), जो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और अपने अनुभवों को साझा करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर (डॉ.) राजेश कुमार भाटिया, माननीय निदेशक, पेक करेंगे।
यह दिन भर चलने वाला उत्सव हसीन यादों और दोस्ती का एक बेहतरीन संगम होगा। विशेष सम्मान समारोह में 1975, 1990 और 2000 बैच के प्लैटिनम, गोल्डन और सिल्वर जुबली बैच के पूर्व छात्रों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही, 1960, 1965, 1970, 1980, 1985, 1995, 2005 और 2010 बैच के पूर्व छात्रों का भी सम्मान होगा। पूरे दिन चलने वाले इस आयोजन में इंटरएक्टिव सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विभिन्न गतिविधियाँ जैसे पतंगबाजी, तम्बोला और म्यूजिकल चेयर पेक कैंपस में आयोजित की जाएंगी, इसके बाद एक नेटवर्किंग सत्र और संगीतमयी शाम के साथ भव्य डिनर भी होगा।
यह एलुमनाई मीट, पेक की निरंतर वृद्धि में प्रेरणा देने, नेटवर्क बनाने और योगदान देने का एक बेहतरीन प्लेटफार्म है। यह आयोजन एलुमनाई के बीच पुल बनाने में मदद करेगा और मेंटरिंग, डोनेशन & स्कॉलरशिप्स और विशेषज्ञता के रूप में अल्मा मेटर पेक को उत्कृष्टता और शोध के क्षेत्र में और भी अधिक सफलता हासिल करने में मदद करेगा।
जहाँ एक तरफ़ पिकोसा इस घर वापसी के पल का इंतजार कर रहा है, वहीँ दूसरी तरफ़ पेक कैंपस की अविस्मरणीय यादों और नए रिश्तों से जीवंत होने के लिए भी पूर्ण रूप से तैयार है।
