राज्य स्तरीय जूनियर खोखो चैम्पियनशिप में पटियाला का दबदबा

हुशियारपुर- राज्य स्तर की जूनियर खो-खो चैम्पियनशिप (अंडर-18 बालक एवं बालिका वर्ग) का आयोजन खो-खो एसोसिएशन ऑफ़ हुशियारपुर की ओर से रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह (स्थानीय सरकारें) और लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार छब्बेवाल ने संयुक्त रूप से तिरंगा झंडा फहराकर किया। इस चैम्पियनशिप में विभिन्न जिलों से कुल 24 टीमों ने भाग लिया। 
उद्घाटन अवसर पर दोनों गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए नशों से दूर रहकर खेल भावना के विकास और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि खो-खो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता लगभग 35 वर्षों के बाद हुशियारपुर में आयोजित की जा रही है, जो खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है।

***शानदार प्रदर्शन से चमके खिलाड़ी*
पहले दिन हुए मुकाबलों में हुशियारपुर के लड़कों ने मुक्तसर और कपूरथला की टीमों को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि हुशियारपुर की लड़कियों ने तरनतारन और गुरदासपुर की टीमों पर जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया। दूसरे दिन हुए फाइनल मुकाबलों में बालकों की श्रेणी में पटियाला ने पहला स्थान, जालंधर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि हुशियारपुर और लुधियाना संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
बालिकाओं के वर्ग में पटियाला की टीम ने स्वर्ण, मुक्तसर ने रजत और हुशियारपुर तथा संगरूर की टीमों ने कांस्य पदक अपने नाम किया

***‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के तहत पुरस्कृत हुईं बालिकाएं**
जिलाधीश हुशियारपुर श्रीमती आशिका जैन के निर्देशानुसार प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं की टीमों को “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही खो-खो एसोसिएशन हुशियारपुर द्वारा प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 2500-2500 रुपये की राशि प्रदान की गई। वहीं लड़कों की विजेता और उपविजेता टीमों को 2100-2100 रुपये की राशि और ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया।

****सम्मान समारोह में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति***
पुरस्कार वितरण समारोह में श्री तरुण चावला (डायरेक्टर फाइनेंस एंड एडमिनिस्ट्रेशन), श्री प्रदीप कुमार डडवाल (एडवाइजर, वर्धमान यार्न एंड थ्रेड्स लि.), श्री शैलेन्द्र ठाकुर (प्रिंसिपल, नारू नंगल), और श्रीमती रश्मी शर्मा (प्रिंसिपल, रायत बाहरा इंटरनेशनल स्कूल) विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंत में, खो-खो एसोसिएशन ऑफ हुशियारपुर के चेयरमैन सरबजीत सिंह धामी (कनाडा) ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और खिलाड़ियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी सतनाम सिंह, अजीत सिंह, संदीप कुमार, सुरजीत सिंह, सोमेश कुमार, सत्वीर सिंह, प्रो. परमजीत कौर, जसविंदर सिंह, अनुपम ठाकुर, दविंदर सिंह, मनोज कुमारी (पीआरओ), रजनीश डडवाल, हरप्रीत सिंह और सुखविंदर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने मेहमानों का स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।