ऑक्सफोर्ड स्कूल मतलोडा की छात्रा मंजू को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

हरियाणा/हिसार:- ऑक्सफोर्ड पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मतलोडा की छात्रा मंजू ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम पूरे हरियाणा में रोशन किया है। बारहवीं कक्षा (मार्च-2026) के परीक्षा परिणाम में विज्ञान संकाय में पूरे हरियाणा में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को रोहतक में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मंजू को सम्मानित किया।
मंजू की इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे बरवाला क्षेत्र में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि छात्रा की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम मानी जा रही है।
विद्यालय के चेयरमैन प्रेमचंद शर्मा, निदेशक राजेन्द्र अत्री तथा उपनिदेशिका अनिता मलिक ने छात्रा मंजू, उसके माता-पिता और विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंजू भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।
विद्यालय निदेशक राजेन्द्र अत्री ने बताया कि ऑक्सफोर्ड स्कूल लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है। वर्ष 2019 में दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय को शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया था। इसके बाद गत वर्ष दसवीं कक्षा में प्रथम एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच-छह वर्षों से विद्यालय के विद्यार्थी लगातार हरियाणा की मेरिट सूची के टॉप-10 में स्थान बनाकर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ा रहे हैं।
अत्री ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इसी प्रकार मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए मंजू के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।