ओवरलोड ऑटोरिक्शा दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं

एस ए एस नगर, 31 दिसंबर:- शहर में हर तरफ घूम रहे ओवरलोड ऑटो-रिक्शा दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस द्वारा इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, जिस कारण ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
शहर के हर इलाके में आमतौर पर देखने में आता है कि बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शाओं पर मिनी ट्रक की तरह सामान लदा होता है। यह सामान ऑटो-रिक्शाओं की बॉडी से बाहर भी लटक रहा होता है, जिससे आवागमन में बाधा पड़ती है और दुर्घटना होने का खतरा पैदा हो जाता है।
इसके अलावा ऑटो-रिक्शाओं पर काफी ऊंचाई तक ट्रकों की तरह सामान लदा होता है, जिस कारण कभी भी दुर्घटना हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि सवारियां ढोने वाले ऑटो-रिक्शाओं में भी भारी सामान बड़ी मात्रा में ढोया जाता है।
आंतरिक गलियों में भी सामान और सवारियों से ओवरलोड रिक्शा अक्सर घूमते दिखाई देते हैं। इस संबंध में समाज सेवी नेता करण जौहर ने मांग की है कि ओवरलोड ऑटो-रिक्शाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि कोई दुर्घटना न हो।