करनाल जिले में 272 केंद्रों पर 7000 से अधिक लोग प्रतिदिन कर रहे योगाभ्यास

करनाल, 6 जून:-  जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉक्टर सतपाल ने बताया कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला के सभी ब्लॉकों में विभिन्न योग कार्यक्रम और शिविर बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिला कारागार में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण अभियान चलाया गया।
आयुष विभाग, करनाल के योग विशेषज्ञ तथा हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज ने बताया कि जिला कारागार करनाल में बंदियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए 1 से 21 जून तक 21 दिवसरय विशेष योग शिविर चलाया जा रहा है। यह शिविर जेल अधीक्षक लखबीर सिंह बराड़ के मार्गदर्शन तथा डीएसपी सुरेंद्र, डीएसपी धर्मचंद नैन एवं डीएसपी नीलम की देखरेख में आयोजित हो रहा है। आज डॉ. अमित पुंज की देखरेख में योग इंस्ट्रक्टर मुन्ना कुमार तथा कांता द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 495 बंदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
डॉ अमित ने बताया कि बंदियों के लिए तनाव मुक्ति में योग का नियमित अभ्यास बहुत जरूरी है । योग जेलों में केवल शारीरिक कसरत नहीं, बल्कि कैदियों के मानसिक सुधार और पुनर्वास का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है । उन्होंने बताया कि जेल के अकेलेपन में अनुलोम-विलोम और भ्रामरी जैसे प्राणायाम कैदियों के मानसिक तनाव को कम कर दिमाग को शांत करते हैं। नियमित ध्यान से कैदियों का चिड़चिड़ापन दूर होता है, जिससे वे अपने गुस्से और हिंसक विचारों पर काबू पाते हैं। उन्होंने बताया कि अतीत की गलतियों और भविष्य की चिंता के कारण कैदी अक्सर गहरे अवसाद में चले जाते हैं। योग उन्हें सकारात्मक सोच देकर जीवन में सुधार करने की प्रेरणा देता है।
मानसिक शांति मिलने से कैदियों को जेल के माहौल में भी गहरी और अच्छी नींद आती है, जिससे उनका शारीरिक स्वास्थ्य भी सुधरता है।
उन्होंने बताया कि आयुष विभाग करनाल में कार्यरत 34 आयुष योग सहायकों तथा 22 योग इंस्ट्रक्टर्स (कुल 56 आयुष योग प्रशिक्षकों) द्वारा ग्रामीण स्तर पर कमान संभाली गई है। इनके द्वारा जिले के 90 गांवों की योग व्यायामशालाओं तथा राजकीय आयुर्वेदिक औषधालयों में निरंतर अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अंचल में भारी उत्साह है।
डॉ. अमित पुंज ने बताया कि आयुष विभाग के ग्रामीण केंद्रों के साथ-साथ जिले की विभिन्न सक्रिय योग संस्थाओं के सहयोग से अब कुल 272 स्थानों (182 संस्थागत + 90 आयुष योग व्यायामशालाएं एवं आयुष केंद्र) पर प्रतिदिन योग प्रोटोकॉल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संस्थागत व विभागीय स्तर पर पतंजलि योग समिति की 150 कक्षाएं, आयुष केंद्र की 56 कक्षाएं, आयुष योग व्यायामशाला की 34 कक्षाएं, मेरा मिशन स्वस्थ भारत की 20 कक्षाएं, भारतीय योग संस्थान की आठ कक्षाएं, करण योग संस्थान की एक कक्षा, हमारा मिशन स्वस्थ भारत की एक कक्षा, हार्टफुलनेस संस्थान की एक कक्षा और दिव्य योग मंदिर की एक कक्षा चल रही हैं। इन सभी 272 केंद्रों के माध्यम से जिले में प्रतिदिन 7,000 से अधिक योग साधक नियमित रूप से योगाभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
ब्लॉक इंचार्ज डॉ. नितिन रोहिला ने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि  7 जून को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सेक्टर-6 तथा सेक्टर-12 में विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में आयुष विभाग के योग सहायक तथा इंस्ट्रक्टर्स आमजन को योग का प्रशिक्षण देंगे।