मुख्यमंत्री के ओएसडी सुखवीर सिंह ने अनाज मंडी धूरी में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करवाई
धूरी/संगरूर, 9 अप्रैल:- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने आज धूरी की अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं की सरकारी खरीद की शुरुआत करवाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार खरीद के दौरान किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने देगी।
मंडी में सरकारी खरीद शुरू करवाते हुए ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह तैयार है और खरीदी गई गेहूं का भुगतान भी तुरंत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी खरीद एजेंसियों द्वारा पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
इस मौके पर मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों में सफाई, पीने के पानी और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित नमी मानकों के अनुसार ही गेहूं मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से और तुरंत सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़, रमणदीप सिंह, जिला परिषद सदस्य हरजिंदर सिंह कांझला, रछपाल सिंह भुल्लरहेड़ी, आढ़तिया एसोसिएशन धूरी के प्रधान जतिंदर सिंह मंडेर (सोनी), चौधरी पवन वर्मा, नरेश सिंगला, अनिल मित्तल, पुष्पिंदर शर्मा, सुखवीर सिंह, लाभ सिंह, जसपाल सिंह भुल्लर, मिल्ख राज, रूबल, गगनदीप सिंह भसौड़ सहित बड़ी संख्या में किसान और आढ़तिया उपस्थित रहे।
