ऑपरेशन आक्रमण अपराधियों पर करनाल पुलिस का बड़ा प्रहार
करनाल, 02 मार्च:- पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से “ऑपरेशन आक्रमण” चलाया गया। इस अभियान के तहत जिला करनाल पुलिस ने पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त 68 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
इस विशेष अभियान के तहत जिला स्तर पर अपराध जांच शाखा तथा थाना एवं चौकी स्तर पर कुल 89 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में 289 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न धाराओं के तहत कुल 30 मामले दर्ज किए गए।
प्रमुख कार्रवाई के अंतर्गत आबकारी अधिनियम के 25 मामलों में 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 104 बोतल नाजायज शराब, 305 बोतल वैध शराब तथा 750 लीटर लाहन बरामद की गई। जुआ एवं सट्टा खाईवाली के 2 मामलों में 2 आरोपियों को काबू कर ₹10,640 की सट्टा राशि बरामद की गई। नशा तस्करी के मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 23 ग्राम स्मैक तथा 1.50 किलोग्राम गांजा (फूल-पत्ती) बरामद किया गया।
इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान 17 उद्घोषित अपराधियों (पीओ) तथा 2 बेल जंपर को गिरफ्तार किया गया और 12 गैर-जमानती वारंट तामील किए गए। एक आरोपी की पुनः गिरफ्तारी भी की गई। चोरी, स्नैचिंग एवं अन्य आपराधिक मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया।
यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई करते हुए लेन ड्राइविंग के 304 चालान किए गए। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या शरारती तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में अपराध को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
