युवा शक्ति ही समाज को नशामुक्त और सशक्त बना सकती है भवानी सिंह

फतेहाबाद,27 जुलाई:- जिले को पूरी तरह नशामुक्त करने, युवाओं को नशे की दलदल से निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोडऩे तथा नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर पुलिस-प्रशासन के सहयोग से कड़ा प्रहार करने के उद्देश्य से महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट व नशामुक्ति सेना द्वारा अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में फतेहाबाद के शक्ति नगर स्थित सामुदायिक केन्द्र में ‘एक संवाद-नशे के खिलाफ’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
 संगठन द्वारा युवाओं और आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे वार्ड-वाइज जनजागरण अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें काफी संख्या में स्थानीय युवाओं, महिलाओं व प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर नशे की इस सामाजिक बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने और एक स्वस्थ व नशामुक्त समाज के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट व नशामुक्ति सेना के संस्थापक भवानी सिंह ने नशे के गंभीर दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश और समाज की रीढ़ होते हैं। आज जब हमारी युवा शक्ति को देश के निर्माण और प्रगति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, तब नशे की काली छाया हमारे युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल रही है। नशा केवल एक व्यक्ति को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह चाट जाता है। 
हमें अपनी इस युवा ऊर्जा को भटकाव से बचाकर सकारात्मक दिशा में मोडऩा होगा। भवानी सिंह ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल किसी एक संस्था या प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी की साझी जिम्मेदारी है। जो युवा किसी कारणवश इस राह पर भटक गए हैं, उन्हें सही मार्गदर्शन देकर मुख्यधारा में लाना हमारा कर्तव्य है। वहीं दूसरी ओर, जो लोग चंद रुपयों के लालच में हमारे बच्चों का भविष्य बेच रहे हैं और नशे की तस्करी में शामिल हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। 
पुलिस-प्रशासन के सहयोग से ऐसे तत्वों पर नकेल कसी जाएगी। उन्होंने कहा कि आइए, हम सब मिलकर प्रतिज्ञा लें कि अपने घर, मोहल्ले और पूरे जिले को नशामुक्त बनाकर ही दम लेंगे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और युवाओं ने संस्था की इस मुहिम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और वार्ड स्तर पर इस जागरूकता संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फतेहाबाद के हर वार्ड में ऐसे संवाद कार्यक्रमों का सिलसिला आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। 
इस अवसर पर पार्षद राजू तूड़ेवाला, पार्षद मास्टर चन्द्रभान, अनिल सैनी, धर्मपाल चावला, अमन राघव, गुरदीप अयाल्की, सौरव रत्ति, शर्माचंद लाली, अशोक रत्ताटिब्बा, अशोक अलीका, ईश्वर अकांवाली, हरीश अकांवाली, कृष्ण पारचा, हवा सिंह, ललित, कपिल बोसवाल, अनिल ठाकुर, राजेश बिश्नोई, प्रिंस सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।