जल बचेगा तो ही कल बचेगा डॉ चौहान

नीलोखेड़ी/ करनाल, 31 मार्च: जल केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। वर्तमान समय में जल प्रदूषण और जल की बर्बादी गंभीर चिंता का विषय है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही रोका जा सकता है। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे  ‘राम-राम हरियाणा’ कार्यक्रम में जीरो वेस्ट डे पेयजल संरक्षण के सवाल पर प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा जल की एक भी बूंद व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कचरे को न्यूनतम करने का आवाहन किया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज़ को मंच प्रदान करना और गांवों से जुड़ी समस्याओं, सुझावों व सकारात्मक पहलुओं को साझा करना रहा। कार्यक्रम के दौरान शामगढ़ की सरपंच गुल ढिल्लों ने गांव में पेयजल की स्थिति में सुधार के लिए किए गए सरकार और पंचायत के प्रयासों का विवरण दिया। सुल्तानपुर के सरपंच जसमेर चौहान सहित अन्य गांवों के सरपंच भी कार्यक्रम से जुड़े, जिन्होंने अपने-अपने गांवों के विकास कार्यों, उपलब्धियों और चुनौतियों के बारे में जानकारी साझा की। 
कार्यक्रम में श्रोताओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। कैथल के मोहना से एक श्रोता की कॉल प्राप्त हुई, जिसमें उन्होंने गांव की हरिजन चौपाल के अधूरे काम का जिक्र किया इसके अतिरिक्त अन्य कई श्रोता भी कार्यक्रम से जुड़े और अपने विचार, सुझाव तथा समस्याएं साझा कीं।
डॉ. वीरेंद्र  सिंह चौहान ने कहा कि जल संकट आज केवल पर्यावरणीय नहीं, बल्कि सामाजिक और स्वास्थ्य से जुड़ी एक गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने बताया कि भूमिगत जल का गिरता स्तर, जल स्रोतों का प्रदूषण और जल का असंतुलित उपयोग भविष्य के लिए चिंताजनक संकेत हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण की आदतों को अपनाना और स्वच्छता पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। 
यदि समय रहते हम जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढिय़ों को जल की भारी कमी का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए आज से ही जल बचाने की दिशा में ठोस कदम उठाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे जल का सम्मान करें, उसका संरक्षण करें और स्वच्छ जल को आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
यह कार्यक्रम ग्रामीण संवाद को सशक्त बनाने और जन-भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस कार्यक्रम में सुल्तानपुर ग्राम पंचायत के सरपंच जसमेर सिंह, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से वरिष्ठ सलाहकार गुरबिंदर सिंह अपना रेडियो 91.2 एफ एम से प्रीतम यादव, रेडियो वितस्ता 90 एफ एम अंबाला से भारत सोपोरी एवं अन्य उपस्थित रहे।