बाढ़ बचाव प्रबंधन को लेकर अभी से तैयारियां शुरू करें अधिकारी उत्तम सिंह
करनाल, 31 दिसंबर: उपायुक्त उत्तम सिंह ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ बचाव प्रबंधन को लेकर अधिकारी अभी से तैयारियों शुरू करें। प्रबंधों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की 57वीं बैठक लेकर सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से नदियों पर बनाए जाने वाले स्टड या दीवार मजबूत और मानक के अनुरूप होने चाहिए। काम पूरा होने के बाद स्थानीय जनता से भी फीडबैक लें। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए पहले से ही एक्शन प्लान तैयार करे। एसे क्षेत्रों में पहले से ही पर्याप्त मात्रा में मिट्टी और बजरी के कट्टे भरकर रख लें। मानसून आने से पहले जिले की सभी नहरों और ड्रेन (नालों) की सफाई का काम हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए। धरातल पर काम नजर आना चाहिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला के सभी पंप सेटों की तत्काल इन्वेंट्री (सूची) तैयार की जाए। जो पंप खराब स्थिति में हैं, उनकी समय रहते मरम्मत सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव के समय कोई तकनीकी बाधा न आए। जो कार्य अधिक महत्वपूर्ण और संवेदनशील हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो प्रोजेक्ट चल रहे हैं उनमें तेजी लाएं और जिन पर काम शुरू नहीं हुआ है, उन्हें तुरंत शुरू करें। बाढ़ बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जून माह में अगली बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी विभागों के कार्यों का बारीकी से ऑडिट होगा।
