बरसाती पानी निकासी कार्य में और तेजी लाना सुनिश्चित करें अधिकारी: एसडीएम राजेश खोथ

हांसी:– एसडीएम राजेश खोथ ने बरसाती मौसम के मध्य नजर सिंचाई विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए वह अलर्ट रहे और बिना अनुमति के मुख्यालय ना छोड़े। पटवारी तथा कानूनगो संबंधित कार्य क्षेत्र में उपस्थित रहे और जल भराव से प्रभावित क्षेत्रों का आंकलन कर रिपोर्ट भिजवाएं । 
एसडीएम राजेश खोथ सोमवार को संयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में जन समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान दो-तीन गांव के लोगों ने बरसाती पानी की निकासी तेजी से करवाने की मांग की। इस पर एसडीएम ने  कहा कि बारिश का मौसम चल रहा है, उपमंडल क्षेत्र में कई जगह अधिक बरसात होने के कारण जल भराव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पानी निकासी भी साथ-साथ करवाई जा रही है। 
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिन क्षेत्रों में ज्यादा पानी भराव है वहा अतिरिक्त प्रबंध कर जल निकासी कार्य में और तेजी लाए ताकि किसानों की फसलें खराब न हो और आमजन को भी कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने पटवारियों तथा कानूनगो को निर्देश दिए हैं कि वह फील्ड में उपस्थित रहे और जल भराव से प्रभावित क्षेत्र का पूरा विवरण निर्धारित प्रपत्र में भरकर भिजवाना सुनिश्चितकरें। 
ढाणा खुर्द निवासी योगेश ने बरसात के कारण मकान गिरने संबंधित समस्या रखी। इस पर एसडीएम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार से कहा कि   वह समाधान शिविर के उपरांत मौका मुआयना कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बुढ़ापा पेंशन बनाने के दिए निर्देश: समाधान शिविर में गांव गढ़ी निवासी कलावती ने बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारी को पात्रता कागजात चेक कर तुरंत पेंशन बनाने के निर्देश दिए। 
उन्होंने कहा कि अगर कागजात सही है तो अगले महीने कलावती के बैंक खाते में बुढ़ापा पेंशन राशि हर हाल में पहुंचनी चाहिए। समाधान शिविर में बिजली बिल ठीक करवाने, बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण करवाने, परिवार पहचान पत्र तथा आधार कार्ड में त्रुटियां ठीक करवाने संबंधित समस्याएं प्रस्तुत की गई।
 एसडीएम ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रस्तुत सभी समस्याओं का त्वरित आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में नायब तहसीलदार  तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।