नगर पंचायत टाहलीवाल में डिजिटल परिवार रजिस्टर को लेकर सूचना जारी

हरोली/ऊना, 6 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल में डिजिटल परिवार रजिस्टर का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। अब छूटे हुए परिवारों को जोड़ने तथा नगरवासियों द्वारा अपने पारिवारिक सदस्यों के विवरण की जांच और त्रुटियों के सुधार का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस कार्य के लिए प्रत्येक वार्ड के लोक मित्र केंद्र संचालकों को अधिकृत किया गया है, जहां नागरिक अपने परिवार से संबंधित जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं और आवश्यक संशोधन करवा सकते हैं।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि सर्वेक्षण के अंतिम चरण को पूर्ण करने के लिए जिन परिवारों का अभी तक परिवार रजिस्टर में सर्वे नहीं हुआ है, वे नगर पंचायत कार्यालय में आकर अपना पंजीकरण करवाएं और परिवार रजिस्टर को डिजिटल रूप में दर्ज करवाएं।
इसके लिए संबंधित परिवार अपने साथ आवश्यक दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड और राशन कार्ड, अवश्य लेकर आएं, ताकि प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा किया जा सके।