जल रक्षक संघ हरोली के अध्यक्ष बने निर्मल सिंह

टाहलीवाल/हरोली,  6 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- जल रक्षक संघ हरोली की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की गई। जिसमें संगठन के प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जल रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष  ज्वालू राम ने की। बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों, जल रक्षकों की समस्याओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक मे महासचिव डोलम चंद, सराज अध्यक्ष खीरमणि तथा सलाहकार  नन्द लाल ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
 सभी पदाधिकारियों ने जल रक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्मल सिंह को जल रक्षक संघ हरोली का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके चयन पर उपस्थित सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और जल रक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
 नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए अश्वनी कुमार को उपाध्यक्ष, इंदर सिंह को सचिव, अजय कुमार को मीडिया प्रभारी, प्रियंकल को कोषाध्यक्ष, गुरमिल को सलाहकार तथा दिनेश को संगठन प्रभारी नियुक्त किया गया। जिला ऊना के मीडिया प्रभारी पद की जिम्मेदारी हरदीप कुमार को सौंपी गई। इसके अतिरिक्त राज्य कार्यकारिणी में संगठन प्रभारी के रूप में श्री कुशाल ठाकुर की नियुक्ति भी सर्वसम्मति से की गई।
 बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि जल रक्षक लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और संगठन उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी सदस्यों को मिलकर कार्य करना होगा।
 बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने जल रक्षकों की उचित एवं जायज़ मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।