बलाचौर, 29 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह क्लेर):- पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन के दोबारा बनने से राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल गया है और विपक्षी दलों के हौसले पस्त हो गए हैं। गठबंधन जिस भी उम्मीदवार पर भरोसा जताएगा, बलाचौर के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे बड़ी जीत दिलाएंगे। ये विचार विधानसभा हलका बलाचौर के भाजपा हलका प्रभारी चौधरी अशोक बाठ रत्तेवाल (सेवानिवृत्त आईपीएस) ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए व्यक्त किए।

चौधरी अशोक बाठ ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब भी अकाली दल और भाजपा का गठबंधन हुआ है, पंजाब में गठबंधन की ही सरकार बनी है। लोगों को आज भी वह सुनहरा दौर याद है, जब पंजाब में सड़कों, पुलों, मंडियों और गांवों का चारों ओर विकास हुआ था। अब फिर लोगों के मन में गठबंधन की सरकार को लेकर बड़ी उम्मीद जगी है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका बलाचौर में भाजपा का ग्राफ पहले से कहीं अधिक तेजी से बढ़ रहा है। गांव-गांव और शहर-शहर लोग खुद गठबंधन से जुड़ रहे हैं। युवा, किसान, व्यापारी और मजदूर सहित हर वर्ग अब बदलाव चाहता है और उस बदलाव का नाम अकाली-भाजपा गठबंधन है।

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर तीखा निशाना साधते हुए अशोक बाठ ने कहा कि सरकार के दावों में शोर ज्यादा और हकीकत कम है। कानून-व्यवस्था विभाग खुद मुख्यमंत्री के पास है, लेकिन इसके बावजूद हालात बेहद खराब हैं। गांवों में भी अब लूटपाट और चोरियों की घटनाएं बढ़ गई हैं। मोबाइल छीनने की घटनाएं रोजाना सुनने को मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिलों पर तेजधार हथियार लेकर घूम रहे नशेड़ी राहगीरों से लूटपाट करके फरार हो जाते हैं। लोग घर से बाहर निकलते समय भी घबराहट महसूस कर रहे हैं। सड़कों पर कहीं भी नाकाबंदी नजर नहीं आती और पूछने पर कर्मचारियों की कमी का रोना रोया जाता है। यह सब सरकार की कमजोरी को दर्शाता है।

अंत में चौधरी अशोक बाठ ने दावा किया कि भाजपा इस बार नई रणनीति, नए जोश और नए इरादे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पंजाब की जनता अब फिर बदलाव देखना चाहती है और 2027 में गठबंधन की सरकार बनना तय है।