चंडीगढ़, 29 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यूनाइटेड किंगडम (यूके) के दौरे पर गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दौरे के पहले ही दिन विभिन्न उद्योगपतियों, वैश्विक निवेशकों और प्रवासी भारतीयों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के मजबूत औद्योगिक बुनियादी ढांचे, निवेश के लिए उपलब्ध व्यापक अवसरों, उद्योग-अनुकूल नीतियों, बेहतर संपर्क सुविधाओं और कुशल मानव संसाधन की विशेषताओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी प्रतिनिधिमंडल में मौजूद रहे।

यूके पहुंचने पर भारत के हाई कमिश्नर श्री कुमारन पेरियासामी और डिप्टी हाई कमिश्नर श्री कार्तिक पांडे ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और उनके नेतृत्व में गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाई कमिश्नर श्री कुमारन पेरियासामी और प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में हरियाणा में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही, प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के उद्देश्य से यूके के उद्योगों और व्यवसायों को हरियाणा में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने तथा भारत-यूके औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रवासी भारतीयों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में हरियाणा और यूके के बीच औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने, व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने, आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने और स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज कृषि प्रधान राज्य की पहचान से आगे बढ़कर ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, सेवा क्षेत्र, खेल, शिक्षा और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। प्रदेश में मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम और कुशल मानव संसाधन निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। हरियाणा सरकार उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नीतिगत वातावरण तैयार करने, निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने और निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को तेजी से आगे बढ़ा रही है और इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हरियाणा में वैश्विक निवेश लाने के लिए यह दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों, प्रमुख उद्योगपतियों, बिजनेस लीडरों, शैक्षणिक संस्थानों, यूके के सांसदों और हरियाणा मूल के प्रवासी भारतीयों के साथ बैठकें और संवाद करेंगे। वहीं, जर्मनी में हरियाणा स्टेट रोडशो के माध्यम से प्रदेश की निवेश संभावनाओं और उद्योग-अनुकूल नीतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए जाएंगे।