रतिया, 25 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- शहीद देविंदर सिंह यादगारी क्लब रतिया की ओर से बुधवार को शहीद देविंदर सिंह पार्क में शहीद की स्मृति में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा शहीद परिवार के सदस्यों ने भाग लेकर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘शहीद देविंदर सिंह अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से पूरा पार्क गूंज उठा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम रतिया सुरिंदर सिंह ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता क्लब के प्रधान अजैब सिंह मंडेर ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि एवं सम्मानित शख्सियतों के रूप में डॉ. सी.एल. जस्सू, पूर्व प्राचार्य एसडीएस महिला महाविद्यालय रतिया, सैनिक तेजिंदर सिंह हवलदार (6 पैरा शूट रेजिमेंट), मुंशीवाली तथा शहीद की धर्मपत्नी जसविंद्र कौर को शॉल एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

विद्यार्थियों ने निकाली नशा मुक्ति एवं पर्यावरण बचाओ रैली

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विभिन्न शिक्षण संस्थानों में श्रद्धांजलि एवं जागरूकता गतिविधियों के साथ हुई। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया में प्राचार्य गजानंद, सर्व समाज सभा के अध्यक्ष सतपाल जिंदल, फौजी ज्ञान सिंह तथा विद्यालय स्टाफ ने विद्यार्थियों के साथ शहीद देविंदर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी प्रकार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने भी शहीद को नमन किया।

इसके बाद राजकीय कन्या विद्यालय की मैडम उषा देवी, बेबी, बलबीर कौर एवं मंजीत कौर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य नंद किशोर, जिला प्रधान गुरचरण सिंह खोखर, डॉ. नैब सिंह मंडेर, शर्मा चंद, सुरजीत सिंह शिल्मलापुरी एवं प्रवक्ता राज सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों और अध्यापकों ने नशा मुक्ति एवं पर्यावरण बचाओ जागरूकता रैली निकाली। रैली शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए शहीद देविंदर सिंह पार्क पहुंची। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।

शहीद की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का ऐतिहासिक संकल्प

श्रद्धांजलि सभा का सबसे महत्वपूर्ण पहलू शहीद देविंदर सिंह यादगारी क्लब की ओर से पार्क में शहीद की आदमकद प्रतिमा स्थापित करवाने का संकल्प लेना रहा। क्लब के संरक्षक डॉ. नैब सिंह मंडेर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत करते हुए बताया कि क्लब एवं यादगारी ट्रस्ट पिछले 25 वर्षों से शहीद की स्मृति को जीवित रखने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं स्मारक संबंधी कार्य करता आ रहा है। उन्होंने महिला महाविद्यालय का नाम शहीद के नाम पर करवाने तथा शहीद देविंदर सिंह पार्क स्थापित करवाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने यादगारी ट्रस्ट की ओर से आह्वान किया कि पार्क में शहीद देविंदर सिंह की सम्मानजनक आदमकद प्रतिमा स्थापित करवाई जाए। इस प्रस्ताव पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं शहरवासियों ने एकजुट होकर सहयोग देने की हामी भरी तथा प्रतिमा स्थापना का सामूहिक संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि एसडीएम सुरिंदर सिंह ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए पार्क के सौंदर्यीकरण, संपूर्ण सफाई तथा अच्छी किस्म के पौधे लगाकर हरित वातावरण विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने मौके पर ही नगरपालिका सचिव को पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य तुरंत शुरू करवाने के निर्देश दिए।

वक्ताओं ने कहा कि पार्क में शहीद की प्रतिमा स्थापित होने से यह स्थान केवल मनोरंजन का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति, त्याग, वीरता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां आने वाले विद्यार्थी और युवा शहीद के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझ सकेंगे।

शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर : एसडीएम

एसडीएम सुरिंदर सिंह एवं अन्य वक्ताओं ने शहीदों के सम्मान और उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान किसी एक परिवार, गांव या क्षेत्र तक सीमित नहीं होता, बल्कि पूरा राष्ट्र उनके त्याग का ऋणी रहता है। समाज का दायित्व है कि वह अपने शहीदों की यादों को हमेशा जीवित रखे और युवा पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष एवं देश के प्रति समर्पण से परिचित करवाए।

सभा में नशे की बढ़ती समस्या पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के सामने गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने चाहिए।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति के कार्यक्रम

कार्यक्रम में विद्यार्थियों नवजोत, कामना एवं शिवानी ने शहीद की जीवनी और देशभक्ति से ओतप्रोत कविताएं प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। गुरु नानक स्पोर्ट्स अकादमी के डायरेक्टर स्वर्ण सिंह एवं अकादमी के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कैप्टन जगजीत सिंह, सतपाल जिंदल, शर्मा चंद लाली, जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फतेहाबाद तथा अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन कृष्ण चित्रकार एवं गुरप्रीत सिंह नैन ने किया। क्लब के प्रधान अजैब सिंह मंडेर ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में एसडीएम रतिया सुरिंदर सिंह, सतपाल जिंदल सर्व समाज सभा के अध्यक्ष, अल्पसंख्यक आयोग के जिला अध्यक्ष गुरचरण सिंह खोखर, डॉ. नैब सिंह मंडेर, स्वर्ण सिंह, शर्मा चंद लाली, नगरपालिका सचिव शुभम बादल, मंगत राम अलावलवास, कामरेड अजमेर सिंह, कृष्ण सिंह पंवार, शहीद की धर्मपत्नी जसविंद्र कौर, डॉ. सी.एल. जस्सू, कैप्टन जगजीत सिंह, फौजी ज्ञान सिंह, सुरिंदर सिंह बोला, शेर सिंह खोखर, कुलवंत सिंह, अमरीक सिंह, करनैल सिंह, गुरजीत सिंह अहरवां, गुलजिंदर सिंह, मुकेश कुमार, सुखदेव सिंह, राज कमाना, गुरप्रीत सिंह मंडेर सहित क्लब के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।