चंडीगढ़, 25 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर से चार दिवसीय निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने हेतु पोर्टल खोल दिया गया है।

इस संबंध में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवा लें। पंजीकरण सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in पर किया जा रहा है।

डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आने वाले दिनों में विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को एक टूरिस्ट किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या और महाराष्ट्र स्थित श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। योजना के तहत पात्रता के लिए श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक पात्र श्रद्धालु पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।