खरड़, 25 नवंबर (तिलक राज):- पंजाब की अमन-शांति, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल का दोबारा एक साथ आना एक ऐतिहासिक कदम है। इस ऐतिहासिक साझेदारी का दिल से स्वागत करते हुए भाजपा पंजाब के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब की तरक्की, खुशहाली, अमन-शांति और उज्ज्वल भविष्य के लिए नई उम्मीद जगाएगा। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर इस गठबंधन की घोषणा पंजाब के आपसी भाईचारे, एकता और राज्य की बेहतरी के लिए नए संकल्प का प्रतीक है। पंजाब के दोनों पारंपरिक राजनीतिक दलों का एक साथ आना राज्य को विकास और खुशहाली की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कथित बदलाव के शासन में पंजाब नशों, गैंगस्टरवाद, फिरौती, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को इन चुनौतियों से मुक्त कराना, राज्य में कानून-व्यवस्था बहाल करना और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को राज्य में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने, कर्मचारियों के अधिकारों और मान-सम्मान की बहाली करने के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता से काम किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी और जनहितैषी नीतियों को पंजाब के हर गांव और हर घर तक पहुंचाया जाएगा। डबल इंजन सरकार की ताकत और पंजाब की मिट्टी से जुड़ी नेतृत्व क्षमता के मेल से राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का संकल्प है।
नरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि पंजाब को दोबारा देश का अग्रणी, सुरक्षित, नशामुक्त और खुशहाल राज्य बनाने के लिए भाजपा-अकाली दल का यह गठबंधन नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशों, गैंगस्टरवाद और अशांति से बचाने के लिए लोगों को एक मजबूत विकल्प का समर्थन करना चाहिए, ताकि पंजाब को एक बार फिर तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा सके।
