साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 29 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 2 और 3 दिसंबर को जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर में पहुंचने वाली शोभायात्रा के मद्देनजर उपायुक्त श्री आदित्य डचलवाल ने जिले में मांस और अंडे की दुकानों/रेहड़ियों तथा बूचड़खानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का प्रकाश पर्व समूची संगत के लिए अत्यंत श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। इस पवित्र अवसर को समर्पित जिले में पहुंचने वाली शोभायात्रा के दौरान संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना और जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया गया है कि इन दिनों साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में स्थित मांस और अंडे की दुकानों/रेहड़ियों तथा बूचड़खानों को बंद रखा जाएगा। इन दिनों होटलों, ढाबों और अहातों में भी मांस और अंडे बनाने तथा परोसने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस.ए.एस. नगर; आयुक्त, नगर निगम, एस.ए.एस. नगर; संबंधित कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद; सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) तथा उप निदेशक, पशुपालन इस आदेश का पालन सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा संबंधित उपमंडल मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी इन आदेशों का पालन सुनिश्चित करेंगे।
