नवांशहर/काठगढ़, 25 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर) :- काठगढ़ के नजदीकी गांव सुद्ध माजरा का वातावरण मंगलवार को गुरु नानक देव जी के नाम की खुशबू से महक उठा। गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा, उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में संगत का आना शुरू हो गया था और दोपहर तक गुरुद्वारा साहिब संगत से भर गया।

समागम की शुरुआत श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ हुई। भोग के उपरांत कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को गुरु साहिब के जीवन और उपदेशों से जोड़ा गया। इस अवसर का मुख्य आकर्षण मेहिंदपुर वाले इंटरनेशनल ढाडी जसदीप सिंह नागरा का जत्था रहा।

जसदीप सिंह नागरा और उनके साथी मदन सिंह मुसाफिर ढाडी, बलकार सिंह बेली तथा काबल सिंह राठौर ने ढाडी वारों के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जन्म, उदासियों, शिक्षाओं और मानवता को दिए गए संदेश—किरत करो, नाम जपो, वंड छको—को बड़े ही मधुर और प्रभावशाली अंदाज में सुनाया। जब ढाडी जत्थे ने गुरु साहिब की महिमा में वारें गाईं तो संगत भावुक हो गई और गुरुद्वारा साहिब में सतनाम वाहेगुरु के जयकारे गूंज उठे।

वक्ताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जीवनभर जात-पात, ऊंच-नीच और नफरत के खिलाफ आवाज उठाई। उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना 555 वर्ष पहले था। आज आवश्यकता है कि हम गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता को मजबूत करें।

समागम के दौरान गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। संगत ने पंगत में बैठकर लंगर छका और सेवादारों ने तन-मन से सेवा की। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों में प्रकाश पर्व को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।

समागम में गांव सुद्ध माजरा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में संगत उपस्थित हुई। अंत में प्रबंधकों ने संगत का धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे गुरमत समागम आयोजित किए जाते रहेंगे।