ऊना, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास कर अपनी तैयारियों को परखा।

मॉक ड्रिल के तहत आईटीआई परिसर में हवाई हमले के बाद विस्फोट होने और भवन में विद्यार्थियों व कर्मचारियों के फंसे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

अभ्यास के दौरान परिसर में फंसे 550 विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनाई गई। वहीं, 10 घायलों को चिकित्सा सहायता देने का अभ्यास भी किया गया। इनमें एक विद्यार्थी को मृत घोषित करने, चार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर करने, चार को मौके पर उपचार देने तथा एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी देने की प्रक्रिया शामिल रही।

रेस्क्यू ऑपरेशन के संचालन के लिए आईटीआई परिसर में स्टेजिंग एरिया बनाया गया। इंसीडेंट कमांडर एवं तहसीलदार ऊना शिखा राणा की अध्यक्षता में बचाव अभियान संचालित किया गया। इसमें होमगार्ड, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और एनसीसी सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने भाग लिया।

तहसीलदार ऊना शिखा राणा ने कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में सूचना तंत्र, विभागीय समन्वय, घायलों को उपचार उपलब्ध करवाने और सुरक्षित निकासी की व्यवस्थाओं को परखा गया। ऐसे अभ्यास से विभागों की तैयारियों का आकलन करने के साथ आपसी तालमेल भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि इससे आईटीआई के विद्यार्थियों को भी हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा सुरक्षित बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।