होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए एक बार फिर अकाली-भाजपा गठबंधन की विधिवत घोषणा की जा चुकी है। इस पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने कहा है कि पंजाबवासियों में एक बार फिर राज्य में खुशहाली आने की आस बंधी है। छह साल बाद दोबारा हुए इस गठबंधन से सर्वत्र खुशी की लहर दौड़ गई है।
उन्होंने कहा कि 1997 से अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार के तीन कार्यकालों में पंजाब ने जितनी तरक्की की है, उतनी इससे पहले तथा बाद में कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि विभिन्न समुदायों में आपसी प्रेम-प्यार तथा भाईचारा मजबूत होने से पंजाब में शांति का माहौल बना रहा, जो किसी भी राज्य की तरक्की के लिए अत्यंत जरूरी होता है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में पंजाबवासी नौजवानों में बढ़ रहे नशे तथा कानून-व्यवस्था की लचर हालत के कारण बहुत दुखी हैं। पंजाब में कर्ज का बोझ दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। यहां के कारोबार तथा उद्योग पलायन कर गए हैं। इन हालात के बीच अकाली-भाजपा गठबंधन पंजाबवासियों के लिए एकमात्र आशा की किरण के समान है।
उन्होंने कहा कि लोगों के उत्साह को देखते हुए यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि 2027 में पुनः अकाली-भाजपा गठबंधन की ही सरकार बनेगी।
