दिड़बा, 25 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार नहरी पानी का उचित उपयोग सुनिश्चित करने और राज्य के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार ठोस प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पंजाब के वित्त, योजना, परिवहन, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा क्षेत्र दिड़बा के अंतर्गत गांव खडियाल में 4.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली भूमिगत पाइपलाइन सिंचाई परियोजना का नींव पत्थर रखा।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि भूमि एवं जल संरक्षण विभाग द्वारा गांव खडियाल में मोघा नंबर 22545/एल और मोघा नंबर 27821/आर से खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना की पूरी 4.70 करोड़ रुपये की लागत पंजाब सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में उपलब्ध करवाई जाएगी और किसानों पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से लगभग 734 हेक्टेयर कृषि भूमि को उचित सिंचाई सुविधा मिलेगी और गांव के 168 किसान परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। भूमिगत पाइपों के माध्यम से नहरी पानी बिना किसी रुकावट और कम नुकसान के खेतों तक पहुंचेगा, जिससे वितरण प्रणाली के अंतिम छोर पर स्थित खेतों को भी आवश्यक पानी मिल सकेगा।
चीमा ने कहा कि पारंपरिक खालों के माध्यम से पानी पहुंचाने के दौरान रिसाव और वाष्पीकरण के कारण पानी की बड़ी मात्रा व्यर्थ हो जाती है। भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली से पानी की बर्बादी रुकेगी और 20 से 30 प्रतिशत तक पानी की बचत होगी। इससे खालों के नीचे आने वाली उपजाऊ भूमि भी खेती के लिए उपलब्ध हो सकेगी और किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने में आने वाली मुश्किलों से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नहरी पानी की उपलब्धता बढ़ने से भूजल पर निर्भरता कम होगी और बिजली की भी बचत होगी। इसके साथ ही किसानों को फसलों की समय पर सिंचाई करने में मदद मिलेगी, जिससे फसलों की पैदावार और गुणवत्ता में सुधार होगा तथा उनकी आमदनी बढ़ेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार किसानों को खेती के लिए नहरी पानी की अधिकतम आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा नहरों, रजबाहों और खालों की सफाई एवं मरम्मत के साथ-साथ भूमिगत पाइपलाइन परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के निर्माण के दौरान गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए और काम निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए, ताकि किसानों को इसका लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर ओएसडी तपिंदर सिंह सोही, भूमि एवं जल संरक्षण विभाग के मंडल भूमि संरक्षण अधिकारी संगरूर कौशल कुमार, उपमंडल भूमि संरक्षण अधिकारी सुनाम जसपाल सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी, गांव के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
