गांधी मार्केट में सफाई अभियान की नई पहल 60 डस्टबिन लगाए गए
हांसी:– शहर की गांधी मार्केट में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई मुहिम की शुरुआत की गई। गांधी मार्केट के प्रधान लक्ष्य रेवड़ी ने अपने निजी कोष से मार्केट में 60 डस्टबिन लगवाकर इस अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में विधायक विनोद भयाना मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विधायक विनोद भयाना ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों एवं आमजन से बाजार में साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने का आह्वान किया।
गांधी मार्केट के प्रधान लक्ष्य रेवड़ी ने बताया कि बाजार में गंदगी की समस्या को देखते हुए दुकानों के बाहर 60 डस्टबिन रखवाए गए हैं। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे बाजार में इधर-उधर कूड़ा फेंकने के बजाय इन डस्टबिन का उपयोग करें, ताकि बाद में नगर परिषद के कूड़ा संग्रहण टिपर वाहन के माध्यम से कचरे का उचित निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल डस्टबिन लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी दुकानदारों के सहयोग से गांधी मार्केट को स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान पप्पू चुघ, पार्षद अजय सैनी, अनिल चावला, मदन पाहवा, वीरभान मल्होत्रा, नीरज, अक्षय रेवड़ी, ललित दुआ, अप्पू मल्होत्रा, हरीश मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में दुकानदार उपस्थित रहे।
