सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिंगा में नई जिम का उद्घाटन।
टाहलीवाल/हरोली, 9 फरवरी (नारायण प्रभाकर):- ग्राम पंचायत सिंगा द्वारा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिंगा में नवस्थापित जिम का उद्घाटन पंचायत प्रधान गुरदेव सिंह ज्ञानी बाबा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-कर्मचारी स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पंचायत प्रधान का गर्मजोशी से स्वागत किया और विद्यार्थियों के लिए जिम जैसी महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध करवाने पर उनका आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में गुरदेव सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलकूद और नियमित व्यायाम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जिम की स्थापना से छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। विद्यालय प्रशासन तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत सिंगा के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे विकासात्मक कार्य जारी रहने की उम्मीद व्यक्त की।
