टाहलीवाल स्थित नेस्ले इंडिया को मिला राज्य स्तरीय पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार
हरोली/ऊना, 6 जून (राजवीर चोपड़ा):- औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में स्थित मेसर्स नेस्ले इंडिया लिमिटेड को पर्यावरण संरक्षण और सतत औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया।
पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा दिए गए इस पुरस्कार के माध्यम से नेस्ले इंडिया लिमिटेड की पर्यावरणीय स्थिरता, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक प्रथाओं के प्रति प्रतिबद्धता को मान्यता दी गई।
इस उपलब्धि पर हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन (एचबीआईए) के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे औद्योगिक क्षेत्र और जिले के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि एचबीआईए के सम्मानित सदस्य के रूप में नेस्ले इंडिया लिमिटेड ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
एसोसिएशन ने नेस्ले इंडिया लिमिटेड की पूरी टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी तथा भविष्य में भी पर्यावरण उत्कृष्टता और सतत विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।
