प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में एनसीसी का पौधारोपण अभियान
हरोली/ऊना, 15 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली की एनसीसी इकाई द्वारा प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. ऋचा शर्मा ने किया।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कैडेट्स ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
