राष्ट्र की प्रगति हमारी संस्कृति के बिना संभव नहीं हरविन्द्र कल्याण

करनाल, 15 फरवरी:- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने स्वामी दयानंद सरस्वती को नमन करते हुए कहा कि स्वामी जी के विचार हमें विपरीत परिस्थितियों में भी सही राह पर चलने की ऊर्जा प्रदान करते हैं। राष्ट्र की प्रगति हमारी संस्कृति के बिना संभव नहीं है। आर्य समाज जिस प्रकार हमारी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली संस्कृति से जोड़ने का प्रयास कर रहा है, वह वास्तव में एक पावन कार्य है।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण रविवार को आर्य समाज केंद्रीय सभा सेक्टर 6 द्वारा आयोजित महर्षि दयानंद सरस्वती जन्मोत्सव एवं बोधोत्सव कार्यक्रम के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।इस अवसर पर उन्होंने अपने निजी कोष से सभा को 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
श्री कल्याण ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने उस दौर में अपनी संस्कृति, धर्म और देश के लिए संघर्ष किया जब परिस्थितियां अत्यंत विपरीत थीं। गुलामी के लंबे कालखंड के बाद स्वतंत्रता तो मिली, लेकिन आज भी हमारे सामने कई चुनौतियां मौजूद हैं। देश को पुनः उन ऊँचाइयों पर ले जाने की कल्पना हर नागरिक के सहयोग के बिना संभव नहीं है। विकसित राष्ट्र के संकल्प को सिद्ध करने के लिए हमारा आत्मनिर्भर होना अनिवार्य है
श्री कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में हर नागरिक की भूमिका अहम है। इसके लिए केवल नई टेक्नोलॉजी और आत्मनिर्भरता ही काफी नहीं है, बल्कि हमारी युवा पीढ़ी का उन संस्कारों से जुड़ना अनिवार्य है, जिनमें स्वयं की उन्नति के साथ समाज की भलाई का भाव भी समाहित होना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने वर्तमान समय की चुनौतियों पर कहा कि आज समाज को नशे और पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याओं से बचाने की बड़ी जिम्मेदारी हम पर है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वामी दयानंद जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और स्वदेशी अभियान अपनाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना  मजबूत योगदान दें। उन्होंने कहा कि हमारी पहली जिम्मेदारी अपने घर और परिवार के भीतर है। हमें अपने बच्चों को केवल सफल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि एक अच्छा और संस्कारी  इंसान बनाना चाहिए, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की खुशहाली में अपना योगदान दे।
इस अवसर पर चेयर पर्सन मेघा भंडारी, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा,आर्य समाज समिति के सदस्य, आर्य समाज केंद्रीय सभा के प्रधान प्रो. आनंद सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश आर्य, महामंत्री स्वतन्त्र कुकरेजा, प्रधाना कौशल सचदेवा, कोषाध्यक्षा इंदु गुलाटी, मंत्रानी प्रिया आर्या सहित, आचार्य गण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहें।