राष्ट्रीय लोक अदालत 8 को आयोजित होगी
नवांशहर- जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी शहीद भगत सिंह नगर के चेयरमैन, जिला एवं सेशन जज श्रीमती प्रिया सूद तथा सचिव कम सीजेएम डॉ. अमनदीप के दिशा-निर्देशों पर अथॉरिटी के पैरा लीगल वालंटियर वासदेव परदेसी तथा देस राज बाली द्वारा नवांशहर के निकट गांव मेहंदीपुर स्थित गुरुद्वारा गुरु रविदास भवन में सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस दौरान देस राज बाली ने बोलते हुए कहा कि उनके जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत शनिवार 8 मार्च को जिला अदालतों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों के न्यायालयों में लंबित मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से आसानी से निपटारा हो जाता है। लोक अदालत के माध्यम से लिए गए निर्णयों को कहीं भी चुनौती नहीं दी जा सकती।
इसलिए हम किसी भी तरह के मामलों का निपटारा लोक अदालत के माध्यम से करवाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क कर इसका लाभ उठा सकते हैं। लोक अदालत के माध्यम से लिए गए फैसलों से जहां समय और पैसे की बचत होती है, वहीं दोनों पक्षों में आपसी प्रेम भी बढ़ता है। इस अवसर पर पैरा लीगल वालंटियर वासदेव परदेसी, कश्मीर सिंह, देस राज बाली, गांव की सरपंच मनदीप कौर, हरजिंदर कौर व गांव के अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
