समाधान शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने सुनी लोगों की समस्याएं
हांसी:– उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय में वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें शीघ्र राहत मिल सके।
नायब तहसीलदार सुरेश कुमार सिंह ने कहा कि समाधान शिविर सरकार की जनहितैषी पहल है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
शिविर के दौरान गांव मेहंदा निवासी श्रीनिवास पुत्र धर्मपाल ने बाढ़ के कारण खराब हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग रखी। वहीं हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी सोनू पुत्र वेद प्रकाश ने परिवार पहचान पत्र में जाति संबंधी त्रुटि को ठीक करवाने का अनुरोध किया। इसके अलावा गांव
ढढेरी निवासी राजेश पुत्र साधू राम ने फसल खराब होने के मुआवजे की राशि अपने बैंक खाते में दिलवाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। नायब तहसीलदार ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आयु, आय, जाति तथा अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों को प्राथमिकता के आधार पर सत्यापित कर शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र में सही जानकारी दर्ज होने से नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सकेगा।
नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाना तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हो रहा है तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
