हत्या और लूट की साजिश का पर्दाफाश दो आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 27 फरवरी:- जिला पुलिस सीआईए-2 टीम इंचार्ज निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कार्यवाही करते हुए कैब चालक की हत्या कर गाड़ी लूटने की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई। गिरफ्तार आरोपी प्रवीण उर्फ पीना पुत्र सतपाल निवासी गांव कैमला, जिला करनाल, व जतिन पुत्र राजबीर निवासी गांव जौहरा, गोहाना जिला सोनीपत।
प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दिल्ली क्षेत्र से एक कैब बुक करवाई गई तथा चालक को बहाने से करनाल के घरौंडा क्षेत्र के गांव कैमला में सुनसान स्थान पर ले जाया गया। जहां दोनों आरोपियों ने चालक की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया तथा गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई अमल में लाई गई। सीआईए-2 टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की। आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर करनाल में मुकदमा नंबर 134/2026 संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ पीना को माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है, ताकि वारदात में प्रयुक्त साधनों, लूटी गई गाड़ी की बरामदगी एवं संभावित आपराधिक पृष्ठभूमि के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके। मामले में आगामी जांच जारी है।
