गांवगांव पहुंच रही सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ठाकरा में 86 ग्रामीणों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
हरोली/ऊना, 28 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली का कारवां लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पालकवाह के गांव ठाकरा में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान 86 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 44 लोगों की निःशुल्क लैब जांच की गई। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।
स्वास्थ्य टीम ने बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार तथा जलजनित बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया और साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी।
शिविर के सफल आयोजन में आशा वर्करों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि और निहाल सिंह ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से उनका समय और खर्च दोनों बचता है। उन्होंने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा को ग्रामीणों के लिए उपयोगी, जनहितकारी और सराहनीय पहल बताया।
