मां की चीखें गूंजती रहीं सड़क पर थम गई मासूम की सांसे
करनाल, 16 जून:- सेक्टर-6 स्थित साई मंदिर रोड पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मां-बेटा, बेटी स्कूटी पर सवार होकर जिमखाना क्लब से स्वीमिंग कर घर लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से स्कूटी असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और मासूम वाहन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हरनीत अपनी मां के साथ स्कूटी पर साई मंदिर रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके पास से निकली, जिसके पीछे एक डंपर भी चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर की साइड स्कूटी से टकरा गई, जिससे स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में हरनीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-32-33 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि साई मंदिर रोड पर लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है। एक तरफ सड़क बंद होने के कारण दोनों ओर का यातायात एक ही लेन से गुजर रहा है, जिससे रोजाना जाम और हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
सेक्टर-32-33 थाना प्रभारी जगदीश ने बताया कि मृतक बच्चे की पहचान हरनीत के रूप में हुई है। वह अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और क्षतिग्रस्त स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
