मां की चीख, बेटी की चुप्पी…और नहर में छलांग !

करनाल, 4 अक्टूबर: करनाल जिले के चौरा गांव में शनिवार को एक मार्मिक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गांव की रहने वाली बाली देवी और उनकी 18 वर्षीय बेटी ने पश्चिमी यमुना नहर में हाथ बांधकर छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद युवकों ने साहस दिखाते हुए दोनों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि मां की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जबकि बेटी खतरे से बाहर है।

चार महीने पहले बेटे की हत्या ने तोड़ा परिवार:
जानकारी के अनुसार, बाली देवी के 16 वर्षीय बेटे शुभम की 29 जून की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। शुभम दूध लेने गया था, लेकिन देर रात उसका शव गांव की गली में मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि उसकी हत्या गला दबाकर और मारपीट कर की गई थी।

पूर्व सरपंच समेत दो लोगों पर हत्या का आरोप:
शुभम की मां बाली देवी ने गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र खुराना उर्फ बिल्ला और एक अन्य व्यक्ति राजेंद्र तोमर को बेटे की हत्या का जिम्मेदार बताया था। उनका कहना था कि एक साल पहले बेटी से छेड़छाड़ के मामले में शिकायत दर्ज कराने के कारण दोनों आरोपियों से पुरानी रंजिश थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती पूछताछ के बाद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

न्याय की आस में थक चुकी थी बाली देवी:
पति और देवर की मौत के बाद बाली देवी अकेले ही घर का सहारा थीं। बेटे की हत्या के बाद उन्होंने इंसाफ के लिए कई बार पुलिस और प्रशासन के दफ्तरों के चक्कर लगाए, यहां तक कि मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई। लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी कार्रवाई न होते देख वे हताश हो गईं। कुछ दिन पहले उन्होंने जिला सचिवालय के बाहर धरना भी दिया था।

बहन के घर से लौटकर उठाया आत्मघाती कदम:
पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह बाली देवी अपनी बेटी के साथ बहन के घर तरावड़ी गई थीं। वापसी के बाद दोनों सीधे नहर किनारे पहुंचीं और रस्सी से हाथ बांधकर छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद युवकों ने तुरंत नहर में कूदकर दोनों की जान बचाई।

गांव में रोष और शोक का माहौल:
घटना की खबर फैलते ही चौरा गांव में गहरा शोक और गुस्सा छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते शुभम हत्याकांड में कार्रवाई की होती तो यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मां-बेटी को न्याय मिले और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।