रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा ब्लॉक रतिया की मासिक बैठक संपन्न
रतिया, 8 जुलाई- रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा, ब्लॉक रतिया की मासिक बैठक स्थानीय नूर गार्डन, रतिया में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान सुखविंदर सिंह ने की, जबकि मंच संचालन सचिव गुरप्रीत सिंह नैन ने किया।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य बलिंद्र शर्मा ने देश एवं प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए पेंशनरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रोकी गई महंगाई भत्ता (डीए) की राशि शीघ्र जारी की जाए तथा 65, 70, 75 और 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनरों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ दिया जाए। साथ ही मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह किया जाए, क्योंकि लगातार बढ़ती महंगाई से पेंशनभोगियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान सुखविंदर सिंह ने अपने संबोधन में सरकारी बैंकों के खातों में सामने आए करोड़ों रुपये के गबन के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति अपेक्षित नहीं है और कई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित दिखाई देती हैं।
उन्होंने रतिया शहर की विभिन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बरसाती पानी की निकासी का अभी तक स्थायी प्रबंध नहीं हो सका है। टोहाना रोड, लाली रोड और सहनाल रोड पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। टोहाना रोड के निर्माण को लेकर किए गए सरकारी आश्वासन को तीन वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कार्य आज भी अधूरा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शहर की दलित बस्तियों की गलियां आज भी टूटी हुई हैं, जबकि नई विकसित कॉलोनियों में अधिकांश गलियां पक्की हो चुकी हैं। वार्ड नंबर 5 स्थित कलर कॉलोनी तथा वार्ड नंबर 4 और 5 को बाईपास से जोड़ने वाली सड़क भी पिछले दो वर्षों से अधूरी पड़ी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए, केवल सरकारी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहने चाहिए।
संघ के पदाधिकारियों ने सरकार से प्रथम श्रेणी के अधिकारियों के स्तर पर बढ़ते भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की।
भीषण गर्मी के बावजूद बैठक में बड़ी संख्या में रिटायर्ड कर्मचारियों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया तथा अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
