मोदी ने किया हमेशा हरियाणा के विकास के लिए कार्य कल्याण

करनाल,17 जुलाई:- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के विकास को एक नई गति देते हुए करीब 15,000 करोड़ रुपये की विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करके  एक बड़ी सौगात दी है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री के आगमन से इस ऐतिहासिक अवसर पर हरियाणा को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की महत्त्वपूर्ण सौगात मिली है, जो जींद से सोनीपत के बीच चलाई गई है।
श्री कल्याण आज यहां स्थानीय मंगलसेन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पांच लाभार्थियों को  गृह प्रवेश की चाबी भेंट की। इनमें तुसंग गांव की रीना व सुषमा, जभाला गांव की सीमा देवी व कलाशो  तथा खेड़ी जाटान की शकुंतला शामिल हंै। इसी प्रकार से परिवहन विभाग की हैप्पी कार्ड योजना के पांच लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए। इनमें सुनीता, भौमिका, तमन्ना, सुनीता व ज्योति शामिल हैं। इस पर लाडो लक्ष्मी योजना की लाभार्थियों को भी 9वीं किस्त जारी होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और लगभग 15,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करके हरियाणा प्रदेश की जनता को एक बहुत बड़ी सौगात दी है। 
यह सब हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अथक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा से ही हरियाणा के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत हरियाणा के पानीपत से ही  2015 में की थी। स्वच्छता अभियान जैसी ऐतिहासिक शुरुआत भी हरियाणा की पावन धरा से ही हुई थी। 
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में आत्मनिर्भर और प्रगतिशील हरियाणा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बड़ी-बड़ी योजनाएं हरियाणा प्रदेश को दी हैं जिनमें कुटेल में मेडिकल यूनिवर्सिटी, नीलोखेड़ी में हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी, रेवाड़ी में एम्स संस्थान शामिल हैं। प्रदेश सरकार किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी तथा महिलाओं सहित हर वर्ग के हित के लिए कार्य कर रही है।
 उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में हरियाणा प्रदेश ने भी बहुत बदलाव देखा है। आज देश जिस प्रकार से मजबूत हुआ है, देश की अर्थव्यवस्था और संस्कृति मजबूत हुई है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों, गरीब लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल प्रशिक्षण और अन्य कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। देश 2047 में विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सभी को इस में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी है।

** रैली पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
 इस मौके पर इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि आज जींद में आयोजित यह रैली पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बनी है। जहां मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और लाखों कार्यकर्ताओं ने केवल सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों का ही उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि आज जींद में आयोजित कार्यक्रम ईको फ्रेंडली रहा। कार्यक्रम में पहुंचने के लिए किसी ने भी पेट्रोल-डीजल से चलने वाली किसी गाड़ी का इस्तेमाल नहीं किया है।

**पीएम के दौरे से नई ऊर्जा का संचार
 करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व सीएम व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, के मुख्यमंत्रित्व काल में प्रदेश ने काफी तरक्की की है। निश्चित रूप से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में हरियाणा का अहम योगदान रहेगा। उन्होंने कहा कि देश विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जिस प्रकार की शुरुआत देश कर रहा है, इसके लिए प्रधानमंत्री प्रशंसा के लायक हैं। हरियाणा प्रदेश में जब भी उनका दौरा होता है तो निश्चित रूप से एक नई ऊर्जा का संचार होता है, नई परियोजनाएं मिलती हैं जो हरियाणा प्रदेश की प्रगति को और गति देने का काम करती हैं।
नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज देश और हरियाणा को बड़ी सौगात दी है। पीएम मोदी सोनीपत से नारनौल तक ग्रीन हाईवे का उद्घाटन कर रहे हैं।  सिख समाज की मांग पर कुरुक्षेत्र में 160 करोड़ रुपये की लागत से भव्य सिख संग्रहालय का शिलान्यास कर रहे हैं। इसी प्रकार कुरूक्षेत्र के अंदर एक रेल कॉरिडोर का उद्घाटन और दो एम्स का उद्घाटन भी किया जाएगा।

**मोदी, मनोहर का जताया आभार
 असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने के संकल्प को लेकर आज जींद से सोनीपत के बीच इस हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है। विश्व के अन्य देशों में चलने वाली 2-3 बोगियों की ट्रेन की तुलना में, यह दुनिया की पहली हाइड्रोजन ट्रेन होगी जिसमें 10 बोगियां शामिल हैं। देश के विकास में इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का  आभार जताया। उन्होंने कहा कि असंध विधानसभा जींद के साथ लगती विधानसभा है और जींद कार्यक्रम के लिए यहां से भी बड़ी संख्या में लोग रवाना हुए हैं।
इस मौके पर मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा प्रदेश की ऐतिहासिक जींद की धरती से भारत की पहली हाइड्रोजन पावर्ड ट्रेन का शुभारंभ किया है। खुशी की बात है कि जींद उनकी जन्मभूमि है और इस धरती से आज देश के प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जनता को हजारों करोड़ रुपये की भी सौगात दी है।
कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर ने कहा कि आज पूरे देश के लिए और विशेष रूप से हरियाणा प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में हरियाणा लगातार प्रगति कर रहा है।

**इलेक्ट्रिक व सीएनजी वाहनों का प्रयोग
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. मंगलसेन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक व सीएनजी वाहनों का प्रयोग करके पहुंचे। ऐसा पहली बार हुआ है।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा में मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, भगवानदास कबीरपंथी, योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, महापौर रेनू बाला गुप्ता, केश कला एवं कौशल विकास बोर्ड के चेयरमेन यशपाल ठाकुर, हरियाणा व्यापार कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन सतीश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भाजपा वरिष्ठ नेता अमरनाथ सौदा, राज्य सूचना आयुक्त एडवोकेट संजय मदान, जिला परिषद की चेयरपर्सन प्रवेश राणा, पूर्व चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, चेयरमेन शिवनाथ कपूर, ईश्वर कश्यप, लेखराज, महेंद्र प्रेमी, एचआईआरडी निदेशक वीरेंद्र सिंह चौहान, अशोक सुखीजा, प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।