विधायक योगेंद्र राणा ने असंध अनाज मंडी में किए 48 ट्रैक्टर वितरित
असंध/करनाल, 20 मार्च:- असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने शुक्रवार को नई अनाज मंडी में आत्मा उपक्रम के अंतर्गत आयोजित किसान प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने अनुसूचित जाति के पात्र किसानों को लकी ड्रा के माध्यम से लगभग 48 ट्रैक्टर वितरित किए।
इस मौके पर विधायक योगेन्द्र राणा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध और आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इन सभी ट्रैक्टरों पर सरकार की ओर से प्रति किसान 3 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी, जबकि शेष राशि का भुगतान किसान द्वारा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और उन्हीं किसानों को इसका लाभ मिला जिन्होंने सरल पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया था।
शिविर के दौरान कृषि विभाग और पशुपालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किसानों को जागरूक किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से किसानों को मुफ्त दवाइयों की किट वितरित की गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती, जल संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में पशु पालन एवं डेयरी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. संजय अंतिल, डीडीए डॉ० वजीर सिंह, एसडीओ डॉ. रूपिन्द्र, डॉ० कुलबीर खतरी, डॉ. तरसेम राणा, बीएओ डॉ० बलदेव राज, एडीओ डॉ० श्याम सिंह, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विनोद राणा गोंदर, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीन राणा, वाइस चेयरमैन रामअवतार, अमित राणा, सालवन सरपंच जयबीर फौजी, बाहरी सरपंच पाला राम सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
