विधायक कबीरपंथी ने किया दो करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ

करनाल, 14 अक्तूबर: नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने आज दो करोड़ 15 लाख से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने लोगों से भी सफाई को आदत में शुमार करने की अपील की।         
विधायक भगवानदास ने आज वार्ड सात के पोल्ट्री क्षेत्र से डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य पर 90 लाख रुपये खर्च होंगे। कूड़े का निपटान किए जाने के बाद वहां की 75 सौ वर्ग मीटर जमीन को समतल किया जाएगा।  प्लांट के माध्यम से कूड़े का पृथक्करण किया जाएगा। इस कार्य के लिए वर्क आर्डर जारी किया जा चुका है। डंपिंग ग्राउंड के आसपास के लोग दूषित वातावरण से काफी समय से परेशान हैं। यह कार्य पूरा होने के बाद उन्हें इस समस्या से छुटकारा मिलेगा।                                                 
 श्री कबीरपंथी ने शहर के 20 से अधिक पार्कों के सौंदर्यीकरण व नवीनीकरण कार्य का भी शुभारंभ किया। छह महीने के भीतर पूरा किए जाने वाले इस कार्य पर एक करोड़ 10 लाख से अधिक खर्च होंगे। उन्होंने गोल मार्केट में लगाए जाने वाले फव्वारे के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया। इस पर 15 लाख रुपये खर्च होंगे।
 इस मौके पर विधायक ने कहा कि वे हलके के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए हर व्यक्ति को योगदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी अभियान जनभागेदारी के बिना सफल नहीं हो सकता। सफाई को आदत में शुमार करना चाहिए।
 इस मौके पर नगर पालिका सचिव डा. राहुलदास, चेयरपर्सन सनमीत कौर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश भारती, मार्केट कमेटी चेयरमैन शिवनाथ कपूर, जयभगवान सीकरी, राजवीर शर्मा, लवली कुकरेजा, चमेल सिंह, साहिल वर्मा, बलकार सैनी आदि मौजूद रहे।