खरड़ विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के विकास की समीक्षा करते विधायक अनमोल गगन मान

खरड़/एस.ए.एस.नगर 06 फरवरी, 2025: खरड़  विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए विधायक अनमोल गगन मान ने डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन की मौजूदगी में जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
खरड़, कुराली तथा नया गांव नगर परिषदों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करने के पश्चात विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खरड़ विधानसभा क्षेत्र की लिंक सड़कों जैसे कुराली से कालेवाल, स्योंक से पड़छ तथा चटोली से खिजराबाद का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें तथा विधानसभा क्षेत्र की शेष सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द करें तथा बरसाती नालों/नदियों पर पुलों का कार्य शीघ्र पूरा करें। 
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का एक-एक पैसा ईमानदारी से लोगों पर तथा प्रदेश के विकास के लिए खर्च किया जाए। विधायक ने अधिकारियों को विकास कार्यों तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी लगन तथा मिशन के साथ काम करने को कहा ताकि लोगों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। 
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर श्रीमती आशिका जैन ने विधायक को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना की जाएगी तथा खरड़ विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) अनमोल धालीवाल, अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) श्रीमती सोनम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।