लापता लड़की का शव नहर में मिला

मौड़ मंडी, 12 मार्च- स्थानीय शहर की चंडीगढ़ में पढ़ने वाली 18 वर्षीय युवती चारिस गोयल रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। मौड़ थाने की पुलिस लापता युवती की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रही थी, लेकिन पुलिस की ढीली कारगुजारी के चलते शहरवासियों ने आज सुबह रोष स्वरूप अपनी दुकानें बंद करके बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे स्थित चौक पर धरना लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। 
युवती के परिजनों ने एक युवक पर उसकी हत्या कर शव मौड़ से गुजरती नहर में फेंकने का आरोप लगाया था। जिसके तहत मौड़ थाने में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। आज लापता युवती का शव पुलिस ने एनडीआरएफ की टीमों द्वारा गांव यात्री के पास नहर से बरामद किया।
 एसएसपी बठिंडा मैडम अमनीत कौडल ने धरना स्थल पर पहुंचकर लोगों का गुस्सा शांत किया और इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया, जिनमें मुख्य आरोपी मुकुल, उसका दोस्त करण, चाचा राजू, पिता रवि कुमार और मां डिंपल शामिल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के एम्स अस्पताल भेज दिया है।
 जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया है कि लड़की की हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए नहर में फेंका गया है। इस मामले में ढिलाई बरतने वाले एसएचओ मौड़ मंजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर धारा 302 जोड़ दी है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मौड़ मंडी की बेटी को श्रद्धांजलि देने के लिए शाम को शहरवासियों द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में माताएं, बहनें, बुजुर्ग और युवा उपस्थित थे।