गांव बाथू में प्रवासी मजदूरों को आग से बचाव के बारे में किया जागरूक
हरोली/ऊना, 14 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव बाथू में प्रवासी मजदूरों को आग से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान मजदूरों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आगजनी की घटनाओं से बचा जा सकता है।
मजदूरों को समझाया गया कि खाना बनाने के बाद जब वे काम पर जाएं तो अपने चूल्हे को अच्छी तरह ढककर जाएं या उस पर पानी डाल दें, ताकि आग लगने का कोई खतरा न रहे।
इसके अलावा यदि धूप-बत्ती या दिया जलाया गया हो तो घर से निकलने से पहले उसे पूरी तरह बुझा देना चाहिए। बताया गया कि कई बार लापरवाही के कारण झुग्गियों या कमरों में आग लग जाती है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
इसलिए सभी मजदूरों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें और आग से बचाव के नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
इस मौके पर फायर स्टेशन टाहलीवाल के प्रभारी सुनील दत्त, प्रशामक रविंदर सिंह और चालक राजीव कुमार मौजूद रहे।
