मेहटीयाना पुलिस की ओर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की तीन आरोपी गिरफ्तार
हुशियारपुर- नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मेहटीयाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की अवैध शराब बरामद की है। इस कार्यवाही में पुलिस ने एक टेंपो में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।थाना मेहटीयाना के एसएचओ परविंदरजीत पाल सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के मद्देनजर नशीले पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी की गई थी।
इसी दौरान, फगवाड़ा की ओर से आ रहे एक सफेद रंग के टेंपो (नंबर PB-32-J-7324) जिस पर वेरका लिखा हुआ था को रोकने का प्रयास किया गया। टेंपो चालक ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़ने की कोशिश की, परंतु पुलिस पार्टी की ओर से पीछा करके उसे काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र छोटे लाल निवासी बजवाड़ा, बृजेश पुत्र हीरा लाल निवासी पुरानी बस्ती, और जसप्रीत पुत्र राणा निवासी रविदास नगर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान टेंपो से पंजाब क्लब ब्रांड की 70 पेटियां, रॉयल स्टैग की 21 पेटियां, रॉयल चैलेंज की 5 पेटियां, ब्लेंडर प्राइड की 5 पेटियां, ओल्ड मोंक रम की 3 पेटियां और संत्रा देशी शराब की 4 पेटियां बरामद की गईं।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह शराब लवप्रीत उर्फ लवी, निवासी हुशियारपुर की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला नंबर 119, धारा 61/68/1/14 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
