जवाहर नवोदय विद्यालय सग्गा प्रबंधन समिति की बैठक
करनाल, 24 जुलाई- डीसी डा. आनंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय सग्गा प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता की और एजेंडे में रखे सभी पहलुओं पर गंभीरता दिखाई तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर बल दिया।
विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खेल सुविधाओं तथा परिसर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि वर्ष जेएनवीएसटी -2027 के लिए जिले के सभी विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस पर डीसी ने डीईओ को निर्देश दिए कि सभी का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने कहा कि बरसात के दौरान तालाब के ओवरफ्लो होने से विद्यालय परिसर में पानी भरने की समस्या के समाधान के लिए तालाब के ड्रेन का रास्ता साफ कराने और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए ओर कहा कि वें स्वयं इसका निरीक्षण करेगें। विद्यार्थियों एवं स्टाफ के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियमित मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित करने तथा परिसर में समय-समय पर फॉगिंग करवाने का निर्णय लिया गया और सीएमओ को आवश्यक निर्देश दिए कि एक-दो दिन के अंदर ही फॉगिंग करवाई जाए।
बैठक में एसडीएमए के सहयोग से खासकर आग से सुरक्षा और बाढ़ से बचाव और अन्य आपदा प्रबंधन विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इस पर भी डीसी ने कैंप आयोजित करवाने के निर्देश दिए, साथ ही विद्यालय में साइबर सुरक्षा, रेडक्रॉस एवं फायर सेफ्टी विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की सेवाएं लेने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीपीडब्ल्यूडी से भवन का सेफ्टी ऑडिट करवाने तथा आवश्यक कमियों को दूर कर फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति बनी। बैठक में मुख्य द्वार के बाहर मुख्य सडक़ पर स्पीड ब्रेकर बनवाने, बॉक्सिंग रिंग के चारों ओर ब्लॉक लगाने, ग्राउंड में बड़ी स्ट्रीट लाइट लगाने तथा कैंपस में दो वाटर कूलर उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। इस पर डीसी ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर वाटर कूलर उपलब्ध करवा दिए जाएगे।
बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
