एसडीएम की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
रतिया, 4 अगस्त:- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अनाज मंडी शैड प्रांगण में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह को भव्य एवं अनुशासित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए सभी कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में समारोह स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। नगरपालिका को समारोह स्थल की साफ-सफाई, टेंट, कुर्सियों की व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों एवं गणमान्य नागरिकों के बैठने की व्यवस्था तथा शहीद स्मारकों की सजावट की जिम्मेदारी सौंपी गई। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था करने, बीडीपीओ रतिया एवं नागपुर को वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था, पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण तथा अग्निशमन विभाग को आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मंच व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
एसडीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग के एक प्रतिनिधि के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित रहें तथा सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को धूमधाम से मनाने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की टीमों के चयन हेतु विभिन्न अधिकारियों की समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
बैठक में डीएसपी कुलवंत सिंह, नायब तहसीलदार बलवान सिंह, बीडीपीओ अनिल कुमार, नगरपालिका सचिव शुभम कुमार, बीईओ शशि प्रकाश,साहित्यकार डॉ नैब सिंह मंडेर, एसडीओ आंचल जैन, कुलदीप सिंह, सुनील कुमार, कवल सिंह, राजकीय महिला महाविद्यालय प्राचार्य परमजीत संधा, खालसा त्रि शताब्दी कॉलेज प्रोफ कृष्ण कुमार, राजेश स्योकंद, गुलशन कुमार, मीशू चिलाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
