करनाल में श्री राम एग्रो फैक्ट्री में लगी भीषण आग

करनाल, 4 जुलाई:- करनाल के मेरठ रोड स्थित श्री राम एग्रो फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।
आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास के क्षेत्र को खाली कराया।
सब-इंस्पेक्टर तरसेम सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री भाजपा नेता एवं हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। 
आग से लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री मालिक की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।